पूर्णिया में चुनावी माहौल गर्माया — सात विधानसभा क्षेत्रों के 69 प्रत्याशियों को मिला चुनाव चिन्ह
पूर्णिया जिले में सातों विधानसभा क्षेत्रों के 69 प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटित कर दिए जाने के साथ ही जिले में चुनावी माहौल पूरी तरह सक्रिय हो गया है। जिला पदाधिकारी सह निर्वाचन पदाधिकारी अंशुल कुमार और पुलिस अधीक्षक स्वीटी शहरावत ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि चुनाव निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से सम्पन्न कराए जाएंगे। प्रशासन मतदाताओं को अधिक मतदान के लिए प्रेरित करने हेतु जन-जागरूकता अभियान चला रहा है। अंशुल कुमार ने बताया कि अमौर से 9, बायसी से 7, कसबा से 13, बनमनखी से 5, रूपौली से 15, धमदाहा से 11 और पूर्णिया सदर से 9 उम्मीदवार मैदान में हैं। वहीं पुलिस अधीक्षक स्वीटी शहरावत ने कहा कि जिले में शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित करने के लिए पुलिस पूरी तरह चौकस है। अब तक वाहन चेकिंग में 5.2 लाख रुपये जब्त किए गए हैं। प्रशासन और पुलिस दोनों ही शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
अशोक/विशाल
पूर्णिया, बिहार — जिले के सातों विधानसभा क्षेत्रों में नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब चुनावी सरगर्मी अपने चरम पर पहुंच चुकी है। सभी 69 प्रत्याशियों को उनके चुनाव चिन्ह आवंटित कर दिए गए हैं, जिसके साथ ही जिले में चुनाव का वास्तविक माहौल बन गया है।
समाहरणालय स्थित महानंदा सभागार में जिला पदाधिकारी सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी अंशुल कुमार (भा.प्र.से.) और पुलिस अधीक्षक स्वीटी शहरावत (भा.पु.से.) ने संयुक्त रूप से प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पत्रकारों को पूरी जानकारी दी।
डीएम अंशुल कुमार ने बताया कि पूर्णिया जिले के अमौर विधानसभा क्षेत्र से 9, बायसी से 7, कसबा से 13, बनमनखी (सु०) से 5, रूपौली से 15, धमदाहा से 11, और पूर्णिया सदर से 9 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। कुल मिलाकर जिले भर में 69 प्रत्याशी इस बार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूर्णिया जिले में मतदान पूरी निष्पक्षता, पारदर्शिता और शांति के साथ कराया जाएगा। मतदाताओं को अधिक से अधिक मतदान के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से प्रशासन लगातार जन-जागरूकता अभियान चला रहा है।
डीएम ने यह भी कहा कि धार्मिक पर्वों और त्यौहारों के दौरान मतदान प्रक्रिया पर किसी प्रकार का असर न पड़े, इसके लिए प्रशासन सतर्क है। उन्होंने मीडिया से अपील की कि वे मतदाताओं को जागरूक करने में प्रशासन का सहयोग करें।
वहीं पुलिस अधीक्षक स्वीटी शहरावत ने कहा कि जिले में शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए पुलिस की टीम पूरी तरह मुस्तैद है। असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है और संवेदनशील इलाकों में लगातार सर्च ऑपरेशन जारी है।
उन्होंने बताया कि अब तक वाहन चेकिंग अभियान के दौरान लगभग 5.2 लाख रुपये की नकदी जब्त की गई है, जो चुनाव आचार संहिता के तहत की गई कार्रवाई का हिस्सा है।
इस संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस के साथ ही पूर्णिया में चुनावी बिगुल पूरी तरह बज चुका है और अब मतदाताओं की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि सीमांचल के इस राजनीतिक रणक्षेत्र में किसके सिर जीत का सेहरा बंधेगा।



